देहरादून। हिंदुवादी संगठनों ने मंगलवार को डालनवाला स्थित एक निजी स्कूल में प्रदर्शन कर हंगामा किया। उनका आरोप था कि स्कूल खान पान के जरिए वहां अलग अलग धर्म के छात्रों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है। काफी देर हंगामा करने के बाद वे ज्ञापन देकर वहां से चले गए। सुबह करीब ग्यारह बजे बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद सहित कुछ अन्य हिंदुवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता स्कूल के गेट पर पहुंचे। वहां उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप था कि स्कूल में हर धर्म के लोगों के बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे में वहां जो खान पान है उससे कई बच्चों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है। हास्टल के बच्चों को मजबूरी में वही खाना पड़ता है जो पकाया जाता है। कहा कि अगर जल्द इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जाती तो हिंदुवादी संगठन सड़कों पर आकर आंदोलन करेंगे। वहां काफी देर नारेबाजी और हंगामे के बाद संगठन ने डालनवाला थाने में स्कूल प्रशासन के खिलाफ मुकदमे के लिए तहरीर भी दी। मांग की कि इसमें मुकदमा दर्ज किया जाए।