उत्तराखंड की रहने वाली है बुली बाई ऐप की मास्टरमाइंड

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : देश में चर्चित बुल्ली बाई ऐप की मास्टरमाइंड उत्तराखंड की रहने वाली है। दरअसल, इसी मामले में पुलिस ने बेंगलुरु में सिविल इंजीनियरिंग के छात्र विशाल सिंह उम्र 21 वर्ष को सोमवार को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ में ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर आदर्श कॉलोनी निवासी श्वेता सिंह द्वारा इस ऐप को संचालित करने की बात सामने आई। पुलिस ने छानबीन शुरू की और मंगलवार को आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि इस ऐप की मास्टरमाइंड यही युवती है। उधर, पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र और दिल्ली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आइटीसी व आइटी एक्ट में केस दर्ज किया है।
एक साल पहले सुल्ली डील्स एप बनाकर महिलाओं को नीलामी के नाम पर अपमानित किया जा रहा था। जब यह मामला पुलिस के पास पहुंचा तो जांच शुरू हुई। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। इसकी भनक लगते ही आरोपियों ने बुल्ली बाई ऐप बनाया और एक आरोपी एक आपत्तिजनक ट्विटर हैंडल चलाकर कंटेंट अपलोड कर रहा था। इसके लिए अमेरिका के सेंस फ्रांसिसको के गिटहब प्लेटफार्म के जरिये एक समुदाय विशेष की महिलाओं को नीलामी करने के लिए लिस्ट किया। तस्वीरों को बिना अनुमति से लिया गया था और उनसे छेड़छाड़ की गई थी। एक महिला पत्रकार ने बुल्ली बाई ऐप पर डील आफ द डे बताकर बेची जा रही अपनी तस्वीर को शेयर किया। साथ ही ट्विटर के जरिये दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस जांच में जुट गई थी।

गिरफ्तार युवती का नेपाल कनेक्शन
ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर से गिरफ्तार 18 साल की युवती के मामले में अब एक अहम खुलासा हुआ है। सूत्रों की माने तो आरोपी युवती श्वेता सिंह कथित तौर पर नेपाल में स्थित एक सोशल मीडिया के मित्र के निर्देश पर काम कर रही थी। सूत्रों के अनुसार श्वेता सिंह से मिली प्राथमिक जानकारी से पता चला है कि जियाउ नाम का एक नेपाली नागरिक ऐप पर उसे निर्देशित कर रहा था।

बुल्ली बाई का अकाउंट ब्लॉक
इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बुल्ली बाई के अकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया है। इसके अलावा इसके ट्विटर अकाउंट को भी ब्लॉक कर दिया गया है। इस मामले को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *