प्रमाण पत्र और पुरस्कार मिलने पर खुश हुए प्रतिभागी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के चौरास परिसर में गौरवशाली विज्ञान सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का समापन हो गया है। इस मौके पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किया गया। जिन्हें पाकर प्रतिभागी खुश हुए। समापन अवसर पर गढ़वाल विवि के प्रति कुलपति प्रो. आरसी भट्ट ने पुरातन विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मोहनजोदड़ो और हड़प्पा की सभ्यता में हमने जिंक जैसी धातुओं का आविष्कार कर लिया था। कहा आज आवश्यकता है कि पुरातन विज्ञान को पाठ्यक्रम में उचित स्थान मिले। विशिष्ट अतिथि प्रो. एससी बागड़ी ने ह्यूमन इंजीनियरिंग पर रोचक व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्तित्व विकास, मानवीय सद्भावना और जनकल्याण के लिए मानव विज्ञान विभिन्न पहलुओं पर भी ध्यान केंद्रित करना होगा। विवि के मुख्य नियंता प्रो. बीपी नैथानी ने खगोल विज्ञान के क्रमबद्ध विकास के बारे में बताया। मौके पर ड्राइंग, रंगोली, क्विज, निबंध, कविता, मॉडल के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. प्रभाकर बडोनी, प्रो. एसके गुप्ता, डा. सरला सकलानी, रश्मि डोढ़ी, डा.राहुल बहुगुणा, डा.वरुण, डा. सर्वेश उनियाल आदि इस अवसर पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *