सिद्धबली मार्ग में दूर होगी जाम की समस्या, बनाई गई पॉकेट पार्किंग

Spread the love

शनिवार व रविवार को सिद्धबली मार्ग पर लगा रहता है भारी जाम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में स्थिति श्री सिद्धबली मंदिर आने वाले भक्तों को अब जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। इसके लिए यातायात पुलिस व मंदिर समिति की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर पॉकेट पार्किंग बनाई गई है। साथ ही खाली स्थानों को भी पार्किंग के लिए बेहतर रूप दिया जा रहा है।
शनिवार व रविवार को श्री सिद्धबली मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रहती है। इन दिनों स्कूलों की छुट्टी होने के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ में लगातार इजाफा होता जा रहा है। ऐसे में पूरे दिन सिद्धबली मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहता है। कोटद्वार से पहाड़ जाने वाले लोगों को भी इस जाम से जूझना पड़ता है। लेकिन, इस शनिवार व रविवार को श्रद्धालुओं को जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। दरअसल, यातायात पुलिस व श्री सिद्धबली मंदिर की ओर से मंदिर को जाने वाले मार्ग पर पॉकेट पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ऐसे में चार पहिया वाहनों को उक्त पार्किंग में आसानी से खड़ा किया जा सकता है। यातायात निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि योजना के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्राली को बुद्धा पार्क के समीप महाविद्यालय रोड पर खड़ा किया जाएगा। चार पहिया वाहनों के लिए गिवईस्रोत पुल के समीप, पुलिस चौकी के समीप व वन विभाग के रिसेप्शन सेंटर के समीप खाली भूमि पर पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है। साथ ही मंदिर को मुड़ने वाले मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पांच स्थानों पर पॉकेट पार्किंग बनाई गई है। इस पार्किंग में चालीस से पचास वाहनों को आसानी से खड़ा किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *