बीमार कर रहा वर्षाकाल, अस्पतालों में बढ़े मरीज

Spread the love

बेस चिकित्सालय के साथ ही निजी अस्पतालों में बढ़ रही मरीजों की संख्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: कभी बारिश कभी धूप पल-पल बदलता मौसम आमजन को बीमार करने लगा है। हालत यह है कि राजकीय बेस चिकित्सालय के साथ ही निजी अस्पतालों में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। चिकित्सक लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दे रहे हैं। अधिकांश मरीज बुखार, सर्दी-जुखाम व पेट दर्द से पीड़ित हैं।
पिछले कुछ सप्ताह से मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी वर्षा आमजन को बीमार कर रही है। चिकित्सालय में आने वाला हर दूसरा व्यक्ति वायरल फीवर से ग्रसित है। सुबह से ही अस्पताल में पर्ची बनवाने के लिए मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। मरीजों को घंटों ओपीडी में बाहर खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ मरीज बुखार के साथ ही उल्टी-दस्त से भी पीड़ित हैं। बेस अस्पताल के फिजिशियन डा. जेसी ध्यानी ने बताया कि मौसम व तापमान में आ रहे बदलाव के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे बुखार और बैक्टीरिया आसानी से शरीर में चले जाते हैं। ऐसे में व्यक्तियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

>यह है वायरल के लक्षण
तेज बुखार आना, ठंड लगना, पूरे शरीर में दर्द होना, नाक से पानी आना, गले में खराश, हल्की खांसी आना वायरल के लक्षण है। इनमे से किसी भी तरह की परेशानी होने पर मरीज को तुरंत चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। बरसात के दौरान मरीजों की लापरवाही उनके स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। वायरल की चपेट में सबसे अधिक बुजुर्ग व बच्चें आ रहे हैं।
बॉक्स समाचार
वायरल से बचाव के तरीके
1. वर्षा में भीगने से बचें
2. फ्रीज का ठंडा पानी न पिएं
3. तेज धूप में बाहर न निकलें
4. अधिक से अधिक पानी पिएं
5. घर के आसपास पानी जमा न होने दें
6. बीमार होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *