गोल्डन कार्ड की खामियों को दूर किया जाय

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
राजकीय शिक्षक संघ ने गोल्डन कार्ड की खामियों को दूर करने की मांग प्रदेश सरकार से की है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि योजना में व्याप्त खामियों के कारण शिक्षक कर्मचारियों को अस्पतालों में लाभ नहीं मिल पा रहा है।
संघ के जिला अध्यक्ष जयदीप रावत, महामंत्री मनमोहन सिंह चौहान ने सचिव स्वास्थ्य उत्तराखंड सरकार को भेजे गए ज्ञापन में कहा कि कोरोना महामारी के दौर में कर्मचारियों व पेंशनरों को इलाज के दौरान सरकार द्वारा संचालित गोल्डन कार्ड योजना का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों में उपचार के दौरान असमंजस की स्थिति के कारण कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन कई बार योजना में व्याप्त खामियों को दूर किए जाने की मांग कर चुका है, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई है। जब तक गोल्डन कार्ड की खामियों को दूर नहीं किया जाता एवं अस्पतालों में कार्ड की स्पष्ट कार्य योजना व जवाबदेही तय नहीं की जाती तब तक शिक्षक कर्मचारियों के वेतन से की जाने वाली कटौती को बंद किया जाय। सरकार द्वारा विगत 3 माह से कर्मचारियों व पेंशनरों के वेतन से प्रतिमाह कटौती की जा रही है, लेकिन राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण व स्वास्थ्य विभाग की लचर कार्यप्रणाली एवं उदासीन रवैए के कारण अस्पतालों में कार्ड का कोई उपयोग न होने से कर्मचारी व पेंशनरों को अनावश्यक परेशान होना पड़ रहा है। जिस कारण शिक्षक कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द योजना में उत्पन्न खामियों को दूर किए जाय, ताकि महामारी में शिक्षक कर्मचारियों को योजना का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *