हनुमान मंदिर से-गाड़ीघाट-झूला पुल को जाने वाली सड़क बनी बदहाल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत हनुमान मंदिर-गाड़ीघाट-झूला पुल मार्ग बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे आमजन की कमर तोड़ रहे हैं। आए दिन हो रही दुर्घटनओं के बाद भी संबंधित विभाग सड़क मरम्मत की सुध नहीं ले रहे। सबसे अधिक समस्या रात के अंधेरे में होती है।
हनुमान मंदिर से गाड़ीघाट होते हुए झूला पुल तक जाने वाली सड़क पर हर दो कदम पर गहरे गड्ढ़े बने हुए हैं। सीमेंट की बनी रोड उखड़नी शुरू हो गई है। यहां तक सीमेंट, कंकरीट एवं सरिये से बनी इस सड़क में अब सरिये सीमेंट से बाहर झांकने लगे हैं। सड़क पर गड्ढ़े होने से वाहन दुर्घटनाओं का लगातार खतरा बना हुआ है। बरसात में गड्ढ़ों में पानी भर जाने से सड़क का पता ही नहीं चल पाता है, जिससे कई बार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। स्थानीय निवासी सुरेश सिंह, राजीव कुमार ने बताया कि वह सड़क मरम्मत के लिए कई बार नगर निगम को ज्ञापन दे चुके हैं। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
आए दिन हो रही दुर्घटनाएं
उक्त बदहाल सड़क पर आए दिन दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। दो दिन पूर्व भी रात के समय एक बाइक चालक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया था। हालांकि, दुर्घटना में बाइक चालक को अधिक चोट नहीं आई। बरसात के समय बदहाल सड़क पर आवाजाही करना खतरनाक हो जाता है। सड़क के गड्ढे आमजन की कमर तोड़ रहे हैं।