देहरादून()। राजधानी में चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। पहली घटना लक्खीबाग चौकी क्षेत्र की है। जहां एक व्यापारी के घर से चोरों ने जेवरात और मंदिर का सामान साफ कर दिया। वहीं पटेलनगर क्षेत्र में एक महिला के घर से चोर नकदी समेत नल की 32 टोंटियां तक उखाड़ ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दावत पर गया था परिवार, पीछे से खंगाला घर लक्खीबाग चौकी क्षेत्र के चंदननगर तिराहा निवासी गोपाल अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती चार जनवरी की रात वह अपनी दोनों बेटियों के साथ बड़े भाई के घर रात्रि भोज पर गए थे। शाम को गए और रात करीब 11 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो घर का नजारा देख दंग रह गया। चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे। कमरों में सारा सामान उथल-पुथल कर दिया था। चोरों ने घर में रखे कीमती जेवरात और मंदिर का सामान चोरी कर लिया। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।
दिल्ली गई युवती के घर से 32 नल और नकदी चोरी: दूसरी वारदात कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र की ठडक कॉलोनी (देहराखास) की है। प्रार्थिनी गरिमा महर ने बताया कि वह बीते 24 दिसंबर को दिल्ली अपनी बहन के पास गई थीं। पांच जनवरी की शाम जब वह वापस लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और पूरे घर में पानी भरा था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने वॉशबेसिन, किचन और टॉयलेट में लगे 32 नल चोरी कर लिए थे। जिसके कारण पानी बहने से घर जलमग्न हो गया। चोर अलमारी में रखे 10 हजार रुपये चुरा ले गए। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।