त्योहार व शादी सीजन में रूलाने लगा शहर का जाम, पुलिस ने उठाए वाहन
शहर की यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : त्योहार व शादी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था बेपटरी होने लगी है। सड़कों पर सुबह से ही जाम की स्थिति बन रही है। ऐसे में अब व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए पुलिस ने भी सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। सड़क किनारे बेतरतीब से खड़े वाहनों को क्रेन से कोतवाली लाकर सीज किया गया। इस दौरान व्यापारियों को भी सड़क पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
पितृ पक्ष समाप्त होने के बाद त्योहार व शादियों का सीजन भी शुरू हो गया है। ऐसे में शहरवासी खरीदारी करने के लिए बाजार आ रहे हैं। जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है। जाम के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे बुरी स्थिति नजीबाबाद रोड, बदरीनाथ मार्ग, स्टेशन रोड, देवी रोड में बनी हुई है। ऐसे में लगातार बिगड़ रही व्यवस्था को सुधारने के लिए यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को यातायात पुलिस की टीम ने सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस दोपहिया वाहनों को अपने क्रेन वाहन में रखकर कोतवाली लेकर पहुंची। इस दौरान शहरवासियों को अपने वाहन सड़क किनारे सफेद पट्टी के भीतर खड़ा करने की चेतावनी दी गई। कहा कि यदि कोई भी वाहन यातायात में बाधा पहुंचाता है तो उसे सीज कर दिया जाएगा।
अतिक्रमण बन रहा चुनौती
शहर में जाम का सबसे बड़ा कारण सड़कों पर फैला अतिक्रमण है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही अन्य मुख्य मार्गों पर व्यापारियों ने सड़क तक दुकानें सजाई हुई है। जबकि, शहरवासी नगर निगम से अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती दिखाने की भी मांग उठा चुके हैं। लेकिन, नगर निगम भी अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल खानापूर्ति ही कर रहा है।