पौड़ी में पार्किंग की व्यवस्था न होने से लग रहा जाम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। मंडल मुख्यालय की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए एनएसयूआई ने सीओ को ज्ञापन दिया और इसमें सुधार की मांग की। एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने कहा कि आए दिन शहर में जाम लग रहा है ऐसे में लोगों को हर रोज परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
पदाधिकारियों ने कहा कि वाहनों की पार्किंग के लिए शहर में कोई मजबूत व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण शहर में दो पहिया से लेकर चार पहिया वाहनों को खड़ा करने में दिक्कतें हो रही है। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मोहित सिंह ने कहा कि पार्किंग के अभाव में पुलिस भी नो पार्किंग के तहत चालनी कार्रवाई कर रही है। ऐसे में लोगों के सामने यह दिक्कत है कि वाहन खड़ा कहां किया जाए। प्रशासन को पहले पार्किंग की उचित व्यवस्था शहर में करनी चाहिए। पार्किंग की कुछ व्यवस्था पालिका ने तो की है लेकिन यह पूरी नहीं है। वहीं पार्किंग शुल्क भी आम लोगों पर भारी पड़ता है। पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि शहर में उचित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि मुख्यालय आने वाले लोगों को परेशानियां न उठानी पड़े। ज्ञापन देने वालों में एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मोहित सिंह सहित कांग्रेस जिलाध्यक्ष आईटी विभाग नितिन रावत आदि भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *