-गढ़वाल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक केएस नगन्याल ने दिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) केएस नगन्याल ने कहा कि पहाड़ों में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात आठ बजे के बाद पहाड़ों में वाहनों की आवाजाही नहीं होनी चाहिए। कहा कि सिर्फ आपातकालीन वाहनों को ही रात आठ बजे के बाद पहाड़ों में आवाजाही की अनुमति होगी।
शुक्रवार को गढ़वाल रेंज के डीआईजी कोटद्वार भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि कोटद्वार आगमन का उनका मुख्य उद्देश्य शिवरात्रि, होली व चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस को दिशा-निर्देश देना है। उन्होंने कहा कि जिले में पुलिस कर्मियों की कमी होने के बावजूद पुलिस कर्मचारी बेहतर कार्य कर रहे हैं। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराना पुलिस की बहुत बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या साइबर अपराध की खड़ी होती जा रही है। साइबर अपराध से निपटने के लिए साइबर सेल का गठन किया गया है। इसके अलावा पुलिस भी लगातार साइबर अपराध को रोकने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि 10 मार्च को मतगणना होनी है। मतगणना होने के पश्चात विजय जुलूस निकलते हैं। यह पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है, जिसके दृष्टिगत पर्याप्त ड्यूटी व बड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि सूचना अधिकार में जो भी सूचना मांगी जाती है उसे पहले आराम से पढे़, उसके बाद समय के अन्दर सम्बन्धित को सूचना दें। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनीषा जोशी, पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार गणेश लाल कोहली, पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन स्माईल विभव सैनी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विजय सिंह आदि मौजूद रहे।
तीन से चार महीने में हो जाएगा पुलिस फोर्स में इजाफा
पुलिस उप महानिरीक्षक केएस नगन्याल ने कहा कि जिले में व्यवस्था बनाने में दिक्कत आने का कारण पुलिस फोर्स की कमी है। इसके बावजूद पुलिस बेहतर प्रयास कर रही है। आने वाले तीन से चार महीनों में पुलिस भर्ती संपन्न हो जाएगी, जिससे पुलिस फोर्स में भी इजाफा होगा। तब व्यवस्था बनाने में आसानी होगी।
सीसीटीवी कैमरों पर होगा फोकस
डीआईजी ने कहा कि अपराध रोकने व अपराधियों की गिरफ्तारी में आजकल सीसीटीवी कैमरे बहुत बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। हम लगातार हर क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने का प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगा दिया जाएगा। जिससे अपराधियों को पकड़ने में आसानी हो।

नशे के खिलाफ हो कठोर कार्रवाई
गढ़वाल रेंज के डीआईजी ने कहा कि नशा हमारे समाज को अंदर से खोखला करता जा रहा है। इसे रोकने के लिए मेरी ओर से पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस कर्मियों से कहा गया है कि कोई भी नशा तस्कर पुलिस की गिरफ्त से नहीं बचना चाहिए। यदि कोई पुलिस कर्मी नशा रोकने को लेकर लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोटद्वार की सबसे बड़ी समस्या यातायात व्यवस्था, इसे सुधारने के होंगे प्रयास : डीआईजी
कोटद्वार की यातायात व्यवस्था को लेकर डीआईजी ने कहा कि यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसका कारण वाहनों की संख्या लगातार बढ़ना और बेतरतीब इंफ्रास्ट्रक्चर है। पुलिस टीम नगर निगम व प्रशासन के साथ मिलकर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पूरा प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं, साइबर सेल भी ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। आगे भी हम पुलिस टीम के साथ साइबर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे, जिससे लोगों की मेहनत की कमाई पर कोई डाका न डाल सके।
x