श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्र सेविका विकास समिति के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर, श्रीनगर में तीन दिवसीय महिला प्राथमिक शिक्षा वर्ग का शुभारंभ रविवार को हुआ। यह वर्ग 14 अप्रैल, सोमवार तक चलेगा।सर्व व्यवस्था प्रमुख कृष्णा भट्ट ने बताया कि इस वर्ग में महिलाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न विधाओं—दंड योग, व्यायाम योग, नियुद्ध, जूडो-कराटे—का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही जीवन को अनुशासित बनाने के लिए गण क्षमता, यष्टि अभ्यास तथा खेलकूद की गतिविधियाँ भी कराई जा रही हैं।वर्ग में पौड़ी, रुद्रप्रयाग और संगठनात्मक दृष्टि से देवप्रयाग जिले से कुल 55 महिलाएं भाग ले रही हैं। वर्ग का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।दोपहर में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वर्ग स्थल का दौरा किया और प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यालय के कक्षा-कक्षों का निरीक्षण करते हुए प्रधानाचार्य गोविंद की प्रशंसा की। रावत ने कहा कि विद्यालय की व्यवस्था और कक्षाओं को देखकर स्पष्ट होता है कि यहां बच्चों को श्रेष्ठ शिक्षा दी जा रही है।वर्ग को सफल बनाने में नगर कार्यवाहिका किरन भट्ट, देवप्रयाग जिला कार्यवाहिका डॉ. रक्षा रतूड़ी, नगर बौद्धिक प्रमुख आरती थपलियाल, मुख्य शिक्षिका आरती राणा, सह शिक्षिका मीनाक्षी गैरोला, तथा शिक्षिकाएं हिमांशी बमराड़ा और अनन्या का महत्वपूर्ण योगदान रहा।