पश्चिम बंगाल में फाल्टा विधानसभा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर ने वापस लिया नाम, 21 को मतदान

Spread the love

कोलकाता,19 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को होने वाले दोबारा मतदान से पहले बड़ा मोड़ आया है। यहां से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी ) के उम्मीदवार जहांगीर खान ने मंगलवार को अपना नाम वापस ले लिया। सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान है और 24 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा। टीएमसी के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी है, लेकिन इसके पीछे का कारण ज्ञात नहीं है।
जहांगीर ने सोमवार को कलकत्ता हाई कोर्ट से अपनी सुरक्षा मांगी थी। उसने अपने खिलाफ एफआईआर को सार्वजनिक करने और दमनकारी कार्रवाई से सुरक्षा की मांग की थी। कोर्ट ने आदेश दिया कि जहांगीर के खिलाफ दर्ज लंबित एफआईआर में 26 मई तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। जहांगीर के ऊपर मतदाताओं को डराने और धमकाने सेत कई गंभीर आरोप लगे हैं।
बंगाल की 293 सीटों के नतीजे 4 मई को घोषित किए गए, लेकिन चुनाव आयोग ने गंभीर चुनावी अपराधों और धांधली का हवाला देते हुए फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव रद्द कर दिया था। आरोप था कि फाल्टा के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को डराया और धमकाया गया। इस दौरान, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में छेड़छाड़ कर विपक्षी उम्मीदवारों के नाम छिपा दिए गए। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे।
फाल्टा सीट डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां से ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी सांसद हैं। यह इलाका टीएमसी का एक प्रमुख गढ़ माना जाता है, लेकिन 4 मई से चुनाव प्रचार शुरू होने के बाद से ममता, अभिषेक समेत टीएमसी के किसी नेता ने यहां प्रचार नहीं किया है। दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को पुनर्निर्वाचन के लिए प्रचार के अंतिम दिन क्षेत्र में बड़ा रोड शो किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *