राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगा वाहनों का जाम, आमजन परेशान

Spread the love

-आए दिन बनी रहती है जाम की समस्या, यातायात पुलिस नहीं दे रही ध्यान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भीषण गर्मी के बीच नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य लग रहा वाहनों का जाम लोगों को काफी परेशान कर रहा है। आए दिन इस मार्ग पर वाहनों के जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन यातायात व्यवस्था सुधारने का दावा करने वाली पुलिस कहीं भी नजर नहीं आती है। रविवार को भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। हालात यह थे कि आमजन को पैदल चलने तक का रास्ता नहीं मिल पाया।
मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के साथ ही अधिकांश लोग पहाड़ चढ़ने लगे हैं। यही कारण है कि वीकेंट पर राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह जाम हो जाता है। प्रत्येक सप्ताह शनिवार व रविवार को बिगड़ रही व्यवस्थाओं के बाद भी यातायात पुलिस व्यवस्था सुधारने की सुध नहीं ले रही। सबसे बुरी स्थिति सिद्धबली पुल से गिवईस्रोत पुल तक बनी रहती है। हालात बिगड़ने के बाद भी पुलिस कर्मी केवल सिद्धबली पुल के समीप ही जाम खुलवाते हुए नजर आते हैं। जबकि, अन्य स्थानों पर वाहन चालकों को खुद ही जाम खुलवाना पड़ता है। भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसने से लोगों का बुरा हाल हो जाता है।
बॉक्स
इस तरह सुधरेगी व्यवस्था
रविवार को सिद्धबली मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने के कारण भी व्यवस्था बेपटरी हो जाती है। अधिकांश श्रद्धालु अपने वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देते हैं। जिससे सबसे अधिक जाम लगता है। अगर मंदिर जाने वाले वाहन व ट्रैक्टर-ट्रॉली की पार्किंग व्यवस्था ग्रास्टनगंज स्थित दशहरा मैदान में की जाती है तो इससे हाईवे पर जाम की स्थिति से निजात मिलेगी। साथ ही श्रद्धालुओं को भी मंदिर आने-जाने में काई परेशानी नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *