शहर में यातायात व्यवस्था धड़ाम, नजर नहीं आती ट्रैफिक पुलिस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आए दिन सड़कों पर लग रहा जाम आमजन के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। लगातार बिगड़ रही व्यवस्थाओं के बाद भी यातायात पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही मुख्य मार्गों पर बेतरतीब खड़े वाहन जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। लाख आश्वासन के बाद भी सरकारी सिस्टम शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है।
कोटद्वार में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से यातायात व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। सबसे बुरी स्थिति सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक बनी रहती है। तन झुलसाने वाली धूप में बीच वाहन चालकों को जाम खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। नजीबाबाद रोड निवासी सतेंद्र कुमार, अंकुर सिंह ने बताया कि शहर में बैंक अस्पताल व सरकारी दफ्तरों के बाहर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में अन्य वाहनों को आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। नतीजा, पूरी दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। पूर्व में शहरवासी कई बार पार्किंग व्यवस्था की मांग उठा चुके हैं। लेकिन, आज तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *