देहरादून: देश के कई इलाकों में भारी बारिश और जलभराव का असर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ रहा है। पश्चिम रेलवे के गवड-उभराट रेलखंड में भारी बारिश से जलभराव के कारण बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन निरस्त कर दिया गया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में भी जलभराव के कारण कई ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि पश्चिम रेलवे में गवड-उभराट रेलखंड़ पर रेल पुल संख्या 203 पर जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया। ऐसे में एहतियातन रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया है।
इसके कारण बांद्रा से आने वाली गाड़ी संख्या 19019 बांद्रा टर्मिनस – हरिद्वार एक्सप्रेस का संचालन शुक्रवार को निरस्त कर दिया गया। वहीं, गाड़ी संख्या 19020 हरिद्वार बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस का संचालन आज शनिवार को निरस्त रहेगा। वहीं, पूर्वोत्तर के सिमालगुड़ी यार्ड के निकट नदी का जलस्तर बढ़ने से रेलवे ट्रैक पर पानी आने के कारण ट्रेनों को निरस्त और मार्ग परिवर्तन किया गया है।
गाड़ी संख्या 15934 अमृतसर – न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस निरस्त रही। गाड़ी संख्या 15910 लालगढ़ – डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 15904 चंडीगढ़- डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, सहित मार्ग से चलने वाली ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है।