देहरादून,राजधानी देहरादून के वार्ड संख्या-56 धर्मपुर के पार्षद विवेक कोठारी उर्फ डिंपी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर दो मुकदमे दर्ज किए हैं। एक शिकायत स्थानीय महिला ने दर्ज कराई है, जबकि दूसरी शिकायत क्षेत्र के एक डेयरी संचालक की ओर से दी गई है। दोनों मामलों में मारपीट, अभद्र व्यवहार, धमकी और सरकारी कार्य में हस्तक्षेप जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
सामुदायिक भवन की चाबी को लेकर हुआ विवाद
नेहरू कॉलोनी निवासी सुषमा जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 जुलाई की शाम उन्हें रश्मि उनियाल का फोन आया, जिसमें बताया गया कि पार्षद विवेक कोठारी ने नेहरू कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन की चाबी मांगी है। शिकायत के अनुसार, वह चाबी लेकर सामुदायिक भवन पहुंचीं, लेकिन करीब 25 मिनट तक इंतजार करने के बावजूद पार्षद वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद वह पास स्थित सागर गिरी मंदिर में कथा सुनने चली गईं। कुछ देर बाद उन्हें दोबारा फोन कर चाबी लेकर आने को कहा गया। बारिश के बीच जब वह पुन: सामुदायिक भवन पहुंचीं तो वहां पार्षद पहले से मौजूद थे।
अभद्रता, धक्का-मुक्की और नुकीली वस्तु से वार का आरोप
महिला का आरोप है कि वहां पहुंचते ही पार्षद विवेक कोठारी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि वह वार्ड के निर्वाचित पार्षद हैं।
इसलिए सामुदायिक भवन की चाबी उनके पास रहनी चाहिए। जब महिला ने बताया कि सामुदायिक भवन में चल रहे फॉल्स सीलिंग एवं स्टेज निर्माण कार्य के कारण रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की ओर से उन्हें चाबी सौंपी गई है, तो विवाद बढ़ गया।
शिकायत के मुताबिक, पार्षद ने उनके हाथ से चाबी छीनने का प्रयास किया और किसी नुकीली वस्तु से उनके दाहिने हाथ पर वार कर दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की में उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद ने सामुदायिक भवन का ताला पत्थर से तोड़कर उसकी जगह अपना ताला लगा दिया।