मॉर्निग रेस कर रहे दो युवकों को वाहन ने मारी टक्कर, एक गम्भीर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोटद्वार-दुगड्डा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 534 मेरठ-बुआखाल पर एक वाहन ने मॉर्निग रेस पर निकले दो युवकों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों युवक घायल हो गये। दोनों को यहां बेस अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रैफर कर दिया। वहीं दूसरे का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल के परिजनों की ओर से तहरीर दर्ज करवाकर वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की गयी है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि दिउसा द्वारीखाल ब्लॉक निवासी 20 वर्षीय गौरव रावत पुत्र स्व. ललित मोहन सिंह झगड़ सिंह कॉलोनी शिवपुर में किराये पर रहता है। शुक्रवार सुबह वह अपने दोस्त संदणिया जयहरीखाल ब्लॉक निवासी विकास रावत पुत्र रामचंद्र सिंह के साथ लालपुल की ओर मॉर्निंग रेस पर गया था। इसी दौरान लालपुल से पहले साढ़े 5 से 6 बजे के बीच एक अज्ञात वाहन ने गौरव और विकास को टक्कर मार दी। दुर्घटना में गौरव रावत गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि विकास को ज्यादा चोट नहीं आई है। दोनों घायल को उपचार के लिए राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने गौरव की गंभीर हालत का देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रैफर कर दिया है, जबकि विकास का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि गौरव के चाचा इंद्रमोहन सिंह की ओर से तहरीर दर्ज कराई गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *