लाखों की धोखाधड़ी करने वाले दो युवक दिल्ली से गिरफ्तार

Spread the love

जेके सीमेंट कंपनी में (नान ट्रेड) का कोड खुलवाने के नाम पर की थी धोखाधड़ी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जेके सीमेंट कंपनी में (नान ट्रेड) का कोड खुलवाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्तों को पौड़ी पुलिस ने मयूर बिहार नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि 23 जून 2023 को वादी शाहनवाज शम्सी पुत्र स्व. ऐजाजूद्दीन निवासी गंगा दत्त जोशी मार्ग कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल ने कोतवाली पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ ऑनलाइन माध्यम से जेके सीमेंट कंपनी में (नान ट्रेड) का कोड खुलवाने नाम पर 3 लाख 75 हजार रूपये की धोखाधडी की है। जिस पर आईपीसी की धारा 420 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार जय बलोनी के निर्देशन, सीओ विभव सैनी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास एवं ठोस सुरागरसी-पतारसी कर सर्विलांस की मदद से गत मंगलवार को देर सांय अभियुक्त लव मित्तल एवं रोहित कुमार को मयूर बिहार नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि लव मित्तल पुत्र राजेन्द्र मित्तल निवासी सुरेन्द्र नगर पानी की टंकी, थाना क्वारसी, जिला अलीगढ उत्तर प्रदेश हाल निवासी मयूर विहार फेस-1, पटपड़ गंज नई दिल्ली, रोहित कुमार पुत्र विजयपाल निवासी मथुरा रोड रामपुर अलीगढ़ हाल निवासी मयूर विहार, फेस-1, पटपड़ गंज, नई दिल्ली को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक प्रधुमन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित, मुख्य आरक्षी हेमन्त कुमार, आरक्षी दीपक कुमार, चंद्रपाल सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *