अपणि सरकार एवं उन्नति पोर्टल हुआ शुरू

Spread the love

-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया पोर्टल का उद्घाटन
-एक क्लिक पर घर बैठे ऑनलाइन मिलेंगी 75 सेवाएं
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली। अब एक क्लिक पर विभिन्न विभागों से संबंधित 75 सेवाओं का लाभ घर बैठे मिल सकेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपणि सरकार एवं उन्नति पोर्टल का उद्घाटन किया। इस पोर्टल की मदद से चरित्र, जाति, आय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीकरण, वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग पेंशन आदि सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है। पोर्टल में फिलहाल नौ विभागों की सेवाएं उपलब्ध हैं, जिन्हें और बढ़ाया जाएगा।
जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपणि सरकार एवं उन्नित पोर्टल के माध्यम से पूरी तरह फेसलेस, कैशलेस एवं पेपरलेस सुविधा मिलेगी। अभी इस पोर्टल के माध्यम से नौ विभागों की 75 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हो गई है। निकट भविष्य में सभी नागरिक सेवाओं को इससे जोड़ा जाएगा। पोर्टल पर प्रत्येक नागरिक का अपना डैशबोर्ड होगा, जिसके माध्यम से नागरिक सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। साथ ही आवेदन की स्थिति भी जान सकेंगे व प्रमाण पत्र को प्राप्त कर सकेंगे। प्रमाण पत्र की प्रमाणिकता को पोर्टल के माध्यम से सत्यापित किया जा सकेगा। साथ ही सभी प्रमाण पत्रों को डिजिलॉकर में संगृहित करने के सुविधा रहेगी। इस पोर्टल से अन्तरविभागीय समन्वय भी बेहतर होगा।
क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र प्रसाद भट्ट, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, सीडीओ वरूण चौधरी, राज्यमंत्री महिला आयोग पुष्पा पासवान, महिला मोर्चा अध्यक्ष चन्द्रकला तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम बल्लभ भट्ट, प्रवक्ता मनोज तिवारी, प्रधान संगठन के अध्यक्ष नैन सिंह कुंवर आदि वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र प्रसाद भट्ट ने कहा कि अपणि सरकार एवं उन्नति पोर्टल सीमांत जनपद के लिए बहुत ही लाभकारी सिद्व होगा। दूरस्थ गांव क्षेत्रों से अब लोगों को विभागों में आना नही पडे़गा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *