उत्तर प्रदेश को मिली एक्सप्रेस-वे की सौगात

Spread the love

-पीएम मोदी ने किया 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन
नई दिल्ली, एजेंसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस वे की सौगात देते हुए सुल्तानपुर जिले के करवल खीरी में 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा कि जब तीन वर्ष पहले मैंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था तब ये नहीं सोचा था कि एक दिन उसी एक्सप्रेस-वे पर विमान से मैं खुद उतरूंगा। पीएम भारतीय वायु सेना के विमान सी-130जे सुपर हरक्यूलिस से सुल्तानपुर के करवल खीरी पहुंचे। एक्सप्रेस वे को बनाने में कुल 36 महीने लगे, जबकि इसमें कुल लागत 22,500 करोड़ रुपये की आई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश को इस एक्सप्रेस वे से सीधा फायदा मिलेगा। लखनऊ से गाजीपुर तक एक्सप्रेसवे से नौ जिले जुड़ेंगे।
उद्घाटन समारोह के बाद, भारतीय वायु सेना द्वारा एक्सप्रेसवे पर निर्मित 3.2 किमी लंबी हवाई पट्टी पर एयर शो का आयोजन किया गया। सुखोई, मिराज, जगुआर सहित वायुसेना के कई विमानों ने अपना करतब दिखाया। सुल्तानपुर जिले में एक्सप्रेसवे आपात स्थिति में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की लैंडिंग और टेक आफ करने में सक्षम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *