प्रदेशव्यापी हड़ताल को विभिन्न संगठनों का समर्थन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून: उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति की ओर से सोमवार से प्रस्तावित प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल को विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है। उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी शिक्षक संगठन और उत्तराखंड मातृ-शिशु एवं परिवार कल्याण महिला कर्मचारी संघ ने हड़ताल को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है।
पुरानी एसीपी, पुरानी पेंशन समेत 18 सूत्रीय मांग को लेकर समन्वय समिति के बैनर तले कार्मिकों ने आंदोलन का बिगुल फूंका है। सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कार्मिकों ने 22 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान किया है। ऐसे में समन्वय समिति को विभिन्न संगठनों का खुला समर्थन प्राप्त हो रहा है। उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी शिक्षक संगठन के प्रदेश महामंत्री पंचम सिंह बिष्ट ने कहा कि कार्मिक अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और जब तक मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। उधर, उत्तराखंड मातृ-शिशु एवं परिवार कल्याण महिला कर्मचारी संघ की प्रांतीय अध्यक्ष गुड्डी मटूड़ा ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद सरकार ने कार्मिकों की मांगों को अनसुना किया। ऐसे में हड़ताल ही एकमात्र विकल्प बचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *