यातायात पुलिस की ओर से शहर में चलाया गया अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में जाम का कारण बन रहे वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। बदरीनाथ मार्ग के साथ ही अन्य स्थानों पर खड़े एक दर्जन से अधिक वाहनों को सीज कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने आमजन से यातायात व्यवस्था को सुधारने में सहयोग की अपील की।
रविवार का अवकाश होने के बाद सोमवार को शहर में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। बैंक, डाकघर सहित अन्य संस्थानों के बाहर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन सड़क पर जाम का कारण बन रहे थे। ऐसे में यातायात पुलिस ने इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया। यातायात निरीक्षक शिव कुमार ने कहा कि देवी रोड, नजीबाबाद रोड के साथ ही बदरीनाथ मार्ग में सड़क किनारे सफेद पट्टी के बाहर खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई। दोपहिया वाहनों के साथ ही चार पहिया वाहनों को क्रेन की मदद से कोतवाली लाया गया। कहा कि यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आमजन को भी यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।