शुक्रवार से होगी ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच शुरू
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद चमोली में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुक्रवार से शुरू होगी। यह प्रक्रिया विकास भवन, गोपेश्वर के सामने स्थित ईवीएम-वीवीपैट गोदाम में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में संपन्न की जाएगी।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक सामान्य एवं उप निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच अनिवार्य है। निर्वाचन में केवल एफएलसी में प्रमाणित मशीनों का ही उपयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि एफएलसी की प्रक्रिया 23 अक्टूबर से कार्य समाप्ति तक प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से सायं 7 बजे तक संचालित की जाएगी। इसमें रविवार एवं अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिन भी शामिल हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप एफएलसी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अनुरोध किया है कि वे अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत कर एफएलसी प्रक्रिया में प्रतिभाग कराएं तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने की दिशा में अपना सहयोग प्रदान करें।