विधानसभा चुनावों से पहले लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों के पहले लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई है। बता दें कि 8 मार्च को शुरू होने वाले बजट सत्र का दूसरा चरण 8 अप्रैल को समाप्त होने वाला था। हालांकि, दो हफ्ते पहले ही कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
वहीं, उम्मीद है कि राज्य सभा भी शाम तक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो सकती है। बता दें कि अपनी पार्टियों के इशारे पर कई सांसदों ने पहले संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से संपर्क कर कार्यवाही को छोटा करने का कहा था। इसके लिए चुनाव को कारण बताया गया था।
तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय और डेरेक ओ ब्रायन ने क्रमश: लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर कार्यवाही स्थगित करने का अनुरोध किया था।
बता दें कि बजट सत्र का पहला चरण राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के संबोधन के साथ 29 जनवरी को शुरू हुआ और 29 फरवरी को संपन्न हुआ। 27 मार्च से 29 अप्रैल तक तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, असम और पुडुचेरी में चुनाव होने वाले हैं। इसके परिणाम 2 मई को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *