जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार की धमक थमने का नाम नहीं ले रही। प्रखंड बीरोंखाल के अंतर्गत ग्राम सभा के खोपड़ागढ़ी में इन दिनों गुलदार की धमक बनी हुई है। आए दिन गुलदार ग्रामीणों को गांव के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। जिससे ग्रामीणों में खौफ बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलवाने की मांग की है।
इन दिनों से बीरोंखाल क्षेत्र में गुलदार का आतंक बना हुआ है, आए दिन गुलदार आबादी क्षेत्र में आकर गौशालाओं के दरवाजे तोड़कर मवेशियों को अपना निवाला बना रहा है। विगत दिनों गुलदार ने नीलम रावत के दो गाय, एक बछडे व एक बकरी को अपना निवाला बना दिया। ग्रामीण संजय रावत ने कहा कि गुलदार के भय के कारण वे अपने बच्चों को स्कूल तक नहीं भेज पा रहे है। कहा कि स्कूल जाने वाले बच्चों पर गुलदार कब हमला कर दे कह नहीं सकते हैं, ऐसे में ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की मांग की है। कहा कि गांव के आसपास पिंजरा लगाने से गुलदार को पिंजरे में कैद किया जा सकता है।