गुलदार की धमक, दहशत में जी रहे ग्रामीण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार की धमक थमने का नाम नहीं ले रही। बीरोंखाल ब्लाक के अंतर्गत बमराड़ी सहित विभिन्न गांव में गुलदार की धमक बनी हुई है। आए दिन गुलदार गांव के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। बमराड़ी गांव में गुलदार ने एक ग्रामीण की बकरी पर हमला कर दिया।
मंगलवार सुबह ग्रामीण रमेश चंद्र गांव के समीप खेतों में बकरी चुगाने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले गुलदार ने बकरी पर हमला कर दिया। पास में मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार बकरी को घायल अवस्था में छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के आसपास पिछले कई माह से गुलदार की धमक बनी हुई है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी बच्चों को स्कूल भेजने व लाने में हो रही है। गुलदार कब ग्रामीणों पर हमला कर दें कुछ कहा नहीं जा सकता। समस्या से कई बार वन विभाग को अवगत करवाने के बाद भी अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। वहीं, ग्राम कोठीला में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। पिछले एक माह में बंदर 14 लोगों पर हमला कर चुका है। ग्रामीण चंद्रमोहन सिंह, मुकेश सिंह, जयपाल सिंह, रेखा देवी, राजेश कुमार, संजीता देवी ने बताया कि शिकायत के बाद भी वन विभाग बंदरों से निजात नहीं दिलवा पा रहा है। दीवा रेंज धुमाकोट के रेंजर सुभाष घिल्डियाल ने कहा कि जल्द ही बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *