जान जोखिम में डालकर गांव पहुंच रहे ग्रामीण

उत्तरकाशी। मोरी ब्लॉक की पंचागाई व बडासू पट्टियों के विभिन्न गांव को जोड़ने वाला बैंचा टाटका पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर गांव पहुंचना पड़ रहा है। जिससे ग्रामीणों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। बता दें कि मोरी ब्लॉक के पंचगाई पट्टी के ग्राम पंचायत फिताड़ी, लिवाड़ी, कासला,रेक्चा, हरपूरी, राला एवं बडासू पट्टी के ओसला, गंगाड,पवाणी एवं ढाटमीर गांवों को जोड़ने वाला पैदल मार्ग गत वर्ष बारिश के दौरान सुपिन नदी पर बने पैदल पुल की दिवार क्षतिग्रस्त होने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह पैदल मार्ग को चलने लायक बनाया और मार्ग क्षतिग्रस्त होने की सूचना विभाग को दी। लेकिन विभाग की ओर से वर्तमान समय तक कोई कार्यवाही नही की गई। जिससे स्थानीय ग्रामीणों को क्षतिग्रस्त मार्ग से ही आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण महावीर सिंह राणा, राजपाल सिंह रावत, जयमोहन राणा, प्रमोद सिंह रावत आदि ने पैदल मार्ग ठीक करने की मांग की है। वहीं लोनिवि के एई गोविंद सिंह ने बताया कि मार्ग व पुल मरम्मत के लिए प्राक्कलन शासन को भेजा गया है। स्वीकृत होते ही दीवार निर्माण का कार्य कर पैदल मार्ग सुचारू कर दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *