उत्तरकाशी। वरुणावत पर्वत के शीर्ष पर स्थित विमलेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचने वाला पैदल मार्ग बीते बरसात से क्षतिग्रस्त है। जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से रास्ता खराब हो गया है। इससे मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग को पत्र भेजकर जल्द से रास्ते की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। नगर पालिका के पूर्व सभासद देवेंद्र चौहान ने बताया कि बारिश के दौरान मंदिर मार्ग के कई हिस्सों में नुकसान हुआ है। मार्ग पर मलबा जमा होने के साथ ही कई स्थानों पर रास्ता टूट गया है। इससे पैदल आवाजाही भी जोखिम भरी हो गई है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी बुजुर्ग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को उठानी पड़ रही है। उन्होंने इस संबंध में वन विभाग को पत्र भेजकर मंदिर मार्ग की जल्द मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी मुकेश रतूड़ी ने बताया कि मंदिर मार्ग के निर्माण को लेकर प्रस्ताव मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मार्ग को बेहतर बनाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।