लोगों से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने की अपील की
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रोटरी क्लब कोटद्वार के तत्वावधान में विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान लोगों से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने की अपील की गई। रैली मालवीय उघान से प्रारंभ होकर झंडाचौक, स्टेशन रोड, उमानन्द बड़थ्वाल मार्ग, तीलू रौतेला चौक, नजीबाबाद रोड , पटेल मार्ग, गैरज रोड होते हुए वापस मालवीय उघान में समाप्त हुई।

मालवीय उद्यान से रैली का शुभारंभ नगर निगम के महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने किया। इस अवसर पर शैलेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि पोलियो एक ऐसी खतरनाक बीमारी है जो बच्चों को दिव्यांग बना देती है। इससे बचने के लिए पोलियो खुराक पिलानी आवश्यक है। हमें इसके लिए लोगों को जागरूक करना चाहिए। रोटरी क्लब अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता ने कहा कि रोटरी ने सन् 1985 से पूरे विश्व से पोलियो उन्मूलन का जो बीड़ा उठाया था, उससे हमारा देश पोलियो मुक्त हुआ, किन्तु अभी भी पड़ोसी देश पाकिस्तान व अफगानिस्तान में पोलियो के केस पाये जाते है, जिस कारण हमें बहुत सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर को पोलियो वैक्सीन बनाने वाले जोन्स साल्क का जन्म दिवस है जो हर वर्ष इस दिन विश्व पोलियो दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वर्ष में पड़ने वाले पल्स पोलियो दिवस पर अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चो को पोलियो खुराक अवश्य पिलाएं। रैली में मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानकीनगर, जे पी इंटर कॉलेज, बाल शिक्षा निकेतन व इन्ट्रेक्ट क्लब के लगभग 250 बच्चों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने पल्स पोलियो उन्मूलन एवं बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के महत्व से संबंधित नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। रैली के दौरान रोटरी क्लब के सभी सदस्यों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और जन-जागरूकता के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता, सचिव वीना रावत, कार्यक्रम संयोजक गोपाल चन्द्र बंसल, उपाध्यक्ष विजय कुमार, डी.पी सिंह, उषा अग्रवाल, विपिन बक्शी, विजय कुमार माहेश्वरी, ऋषि ऐरन, धीरजधर बछवाण, अशोक अग्रवाल, कमल गुप्ता, कुलदीप अग्रवाल, गुरुबचन सिंह, नरेश अग्रवाल, रेनु अग्रवाल, प्रवीण गोयल, अवधेश अग्रवाल, वन्दना कण्डारी, अल्का सोनी, विजय लक्ष्मी, सविता खरक्वाल आदि मौजूद थे।