विवि व महाविद्यालय की अनदेखी पर नाराजगी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : डा. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय महाविद्यालय छात्रसंघ के पदाधिकारियों और छात्रों का विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर धरना-प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। आंदोलनकारी छात्र श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्र हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं। वहीं मांगों पर श्रीदेव सुमन विवि द्वारा अब तक कोई कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल और महासचिव शुभम सुयाल ने आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है।
छात्र संघ पदाधिकारियों ने कहा कि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय प्रशासन लंबे समय से छात्रों के हितों के साथ खिलवाड़ करता आ रहा है। 2016 में स्वीकृत एमबीए और लैब टेक्नीशियन कोर्स अभी तक महाविद्यालय में आरंभ नहीं हो पाए हैं, वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दो सेमेस्टर के बीच निर्धारित समय अंतराल से कम समय में परीक्षा कराई जा रही है, जिससे छात्रों को परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। जहां विश्वविद्यालय में सभी कोर्स नई शिक्षा नीति के तहत संचालित हो रहे हैं। वहीं, बीएससी बायोटैक को अभी तक इसमें शामिल नहीं किया गया है, जिससे छात्र बीएससी बायोटैक में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। छात्र लंबे समय से महाविद्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम खोलने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। इस दौरान पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष विजय रावत, ऋषभ, तनिष्क, आकृति भंडारी, मुदित गोयल, संदीप, अमित कोटनाला, हिमांशु बिष्ट, अभिषेक अग्रवाल, बाबी बिष्ट और हिमांशु बहुखंडी सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *