देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक मौसम शुष्क बना हुआ है और चटख धूप खिल रही है। इसके साथ ही पारा चढ़ने लगा है और तपिश पसीने छुटा रही है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में अचानक गर्मी बढ़ गई है। दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में पारा 37 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन मौसम के मिजाज में बदलाव के आसार नहीं हैं। ऐसे में प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने और पारे में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने के आसार हैं। आगामी 11 जून से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से वर्षा का अनुमान है। शनिवार को दून में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। दिनभर चटख धूप के कारण तपिश महसूस की गई। साथ ही पारे में भी करीब दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की। इस माह में पहली बार दून का तापमान सामान्य से अधिक रिकार्ड किया गया। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। ऐसे में दून और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल सुबह-शाम गर्मी से राहत है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिनभर धूप खिल रही हैं और पारा चढ़ रहा है। हालांकि, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडराते रहे। प्रदेश में ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 37.6 रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, रविवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके साथ ही अगले कुछ दिन प्रदेशभर में आसमान साफ रहने और चटख धूप खिलने के आसार हैं। जिससे पारे में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, आगामी 11 जून को ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।
जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें व आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। मानसून के भी उत्तराखंड के एक सप्ताह बाद पहुंचने की उम्मीद है।