जहां पूजी जाती है नारी, वहां निवास करते हैं देवता : विस अध्यक्ष

Spread the love

-विधानसभा अध्यक्ष ने बेटियों को खीर खिलाकर किया अन्नप्राशन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं के सम्मान को बहुत महत्व दिया गया है। जहां नारी को पूजा जाता है, वहां देवता निवास करते हैं। यह बात उन्होंने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम में कही।
गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस मौके पर सैकड़ों किशोरियों एवं महिलाओं ने प्रतिभाग किया। शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा महिलाओं को केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने किशोरियों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा बाल विकास विभाग के माध्यम से 40 किशोरियों को किशोरी किट, 33 महिलाओं को वैष्णवी किट एवं नेम प्लेट वितरित की गई। वहीं, 4 महिलाओं की गोद भराई भी की गई और चार बच्चों को खीर खिला कर उनका अन्नप्राशन भी किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जीवंत और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में बेटियों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। हमारी बेटियों ने कठिन परिश्रम करके खुद को सशक्त बनाया है। प्रदेश की बहुत सी बेटियां अपने-अपने क्षेत्र और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। आज बेटियां खेल, शिक्षा, विज्ञान, व्यवसाय, कृषि, तकनीकी, संस्कृति, राजनीति सहित हर क्षेत्र में निरन्तर उन्नति कर रही हैं और विश्व में भारत का नाम रोशन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के उस वर्ग को सोते से जगाया है, जो दशकों से समाज की तुष्टिकरण का शिकार था, आज देश की बेटियों के पास सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने का स्वर्णिम अवसर है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिसका लाभ लेकर बेटियां उन्नति के मार्ग पर अग्रसर हैं। राज्य में बेटियों को बचाने, उनके सही पोषण और उत्थान को कई कदम उठाए गए हैं। सरकार चाहती है कि प्रदेश में लिंगानुपात समान हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए मीडिया और संचार के नए तरीकों का पूरी तरह से इस्तेमाल करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला, स्कूल के प्रधानाचार्य जगमोहन रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी बसुंधरा रावत, मुख्य सेविका सीमा, पूजा वर्मा, उषा गोस्वामी, बसंती रावत, रोशनी देवी, कृष्णा देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *