उत्तराखंड

कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होने देंगे : बेहड़

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

रुद्रपुर। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के आवास पर महानगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। इसमें कार्यकर्ताओं ने कार्यकारिणी चुनाव में निचले स्तर के कार्यकर्ताओं की अनदेखी होने पर जमकर भड़ास निकाली। वहीं विधायक बेहड़ ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होने देंगे। जल्द ही हाईकमान से वार्ता कर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद रुद्रपुर में भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। शुक्रवार को आवास विकास रुद्रपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा हो या फिर कोई भी निकाय चुनाव, हमेशा वार्डों के कार्यकर्ताओं ने जी-जान लगाकर चुनाव लड़ाया। भाजपा की प्रचंड लहर के बाद भी मामूली अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी पराजित हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा राज में भ्रष्टाचार चरम पर है। कभी महंगाई तो कभी भ्रष्टाचार और कभी भर्ती घोटाला सामने आ रहा है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। जिले में न कप्तान का न डीआईजी और न डीजीपी का कंट्रोल है। इसके लिए जल्द आंदोलन किया जाएगा। इससे पूर्व महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर भड़ास निकाली। कहा कि चंद एसी और लग्जरी कार में बैठने वाले नेताओं को दायित्व दिया जाता है, जिसका इस बार पुरजोर विरोध किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को शांत करते हुए बेहड़ ने कहा कि अब वह पूरी तरह से फिट हैं। जल्द ही पुराने अंदाज में नजर आएंगे। कार्यकर्ता अपने को अकेला और उपेक्षित महसूस नहीं करें, वे उनके साथ हैं। यहां पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, परिमल राय, संजय जुनेजा, हरीश बाबरा, हरनाम नारंग, प्रकाश शर्मा, रामस्वरूप भारती, विजय यादव, शिशुपाल सिंह, गौरव खुराना, मोनू निषाद, अरशद खान, दिलीप अधिकारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!