स्कूटी के टायर में फंसी साड़ी, खाई में गिरने से महिला की मौत

Spread the love

हल्द्वानी। हैड़ाखान रोड पर पसोली के पास चलती स्कूटी के टायर में साड़ी फंसने से एक महिला और उसका पति 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब साढ़े तीन घंटे रेस्क्यू के बाद उन्हें खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार बीते सोमवार को मूल बहेड़ी उत्तर प्रदेश और हाल देवीपुरा चोरगलिया निवासी अनीता (20) अपने पति किशन कश्यप के साथ स्कूटी से हैड़ाखान मंदिर के दर्शन के लिए गई थी। देर शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों हल्द्वानी लौट रहे थे। इस बीच पसोली के पास अनीता की साड़ी स्कूटी के टायर में फंस गई। साड़ी के कारण स्कूटी अनियंत्रित हो गई और दोनों खाई में जा गिरे। महिला करीब 70 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। जबकि पति कुछ दूरी पर अटक गया। राहगीरों ने सड़क पर स्कूटी गिरी देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची काठगोदाम थाना पुलिस ने रेस्क्यू कर पहले पति को बाहर निकाला। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 9 बजे महिला को बाहर निकाला जा सका। घायल महिला को एसटीएच हल्द्वानी पहुंचाया गया। जहां डक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में पति को मामूली चोट आई है। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी आठ माह पहले हुई थी। अनीता का पति किशन चोरगलिया क्षेत्र में पेंटर का काम करता है।
पुलिस ने रेस्क्यू कर पति-पत्नी को बाहर निकाल दिया था। इसके बाद अस्पताल में भर्ती किया गया, यहां डक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। – प्रमोद पाठक, एसओ काठगोदाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *