समारोह के लिए शराब पहुंचाने पर भड़कीं महिलाएंं, बोतलें छीनकर फोड़ दीं

Spread the love

चमोली। क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यों में शराब पीने और पिलाने पर प्रतिबंध के बावजूद कुछ लोगाें की ओर से शादी समारोह के लिए गांव में शराब पहुंचाने पर ईराणी गांव की महिलाएं भड़क गईं। महिलाओं ने युवकों से शराब की बोतलें छीनकर फोड़ दीं। कहा कि शराब से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। इसके बाद भी कुछ लोगों की ओर से माहौल बिगाड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं को हिदायत देकर छाेड़ा, दोबारा पकड़े जाने पर 51000 रुपये जुर्माना लगेगा। दरअसल बीते माह निजमुला घाटी के पाणा, ईराणी और झींझी गांव में महिला मंगल दल की ओर से सार्वजनिक कार्यों में शराब पीने और पिलाने पर प्रतिबंध लगाया गया। होली पर्व पर भी क्षेत्र में शराब नहीं पी गई। मगर बीते शुक्रवार को देर शाम क्षेत्र में शादी समारोह होने के कारण गांव के ही कुछ लोग शराब लेकर जा रहे थे जिन्हें महिला मंगल दल और युवक मंगल दल ने मौके पर जाकर शराब के साथ पकड़ गया। उन्होंने शराब की बोतलें छीनकर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया। महिला मंगल दल अध्यक्ष जयंती देवी और यमंद अध्यक्ष अंकित सिंह ने कहा कि ईराणी गांव में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध है। शराब ला रहे युवाओं को हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। चेतावनी दी यदि दोबारा गांव में शराब पहुंचाई गई तो 51000 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इस मौके पर अनीता देवी, ऊषा, अंजना, विजय सिंह, धीरज सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *