बंदरों के हमले से महिला गंभीर घायल

Spread the love

रुद्रप्रयाग। नगर में बंदरों के आतंक से नगरवासी बेहद ही परेशान हैं। महिलाओं, स्कूली बच्चों एवं बुजुर्गों पर हमले की लगातार घटनाएं हो रही हैं किंतु प्रशासन, वन विभाग और नपं मौन बैठी है। अभी तक बंदर चार दर्जन से अधिक लोगों पर हमले कर चुके हैं। सोमवार को ओंकारेश्वर वार्ड की एक महिला को बन्दरों ने बुरी तरह घायल कर दिया जिसे उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भर्ती कराया गया है। बीती सायं बंदरों के झुंड ने ओंकारेश्वर वार्ड में आतंक मचाया। हमले में उन्होंने 56 वर्षीय नर्वदा देवी को बुरी तरह घायल कर दिया। उनके सर में गंभीर चोटे आई हैं। महिला को पहले पीएचसी ऊखीमठ में भर्ती कराया गया किंतु डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बावजूद शासन, प्रशासन, वन विभाग और नपं कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। नगर पंचायत के ओंकारेश्वर वार्ड में बन्दरों का आतंक बहुत ही खतरनाक है जो प्रतिदिन महिलाओं व स्कूली बच्चों को काट रहे हैं। स्थानीय लोग सीएम से लेकर डीएम तक बंदरो की समस्या से अवगत करा चुके हैं किंतु स्थिति जस की तस है। वहीं स्थानीय नगर पंचायत द्वारा भी कोई प्रयास नहीं करने पर स्थानीय लोगों में रोष है। बंदरो के आतंक से परेशान नगरवासियों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। विगत डेढ़ माह पूर्व प्रशासन द्वारा बन्दरों को पकड़ने का प्रयास तो शुरू किया गया लेकिन अप्रशिक्षित होने के कारण सफलता नहीं मिल पाई और अभियान को बंद करना पड़ा। वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि सरकार मामले को गम्भीरता से नहीं ले रही है इसलिए अब आंदोलन की तैयारी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *