मुजफ्फरपुर: निकाय चुनाव में महिलाओं ने मारी बाजी, उत्तर बिहार के 6 निगमों में संभालेंगी मेयर-डिप्टी मेयर का पद

Spread the love

मुजफ्फरपुर, एजेंसी। उत्तर बिहार के छह नगर निगमों में हुए चुनाव में सभी जगह महिलाएं पुरुषों पर भारी पड़ीं। कोई पुरुष मेयर नहीं बन सका। मुजफ्फरपुर, बेतिया और दरभंगा से मेयर और डिप्टी मेयर महिलाएं ही बनी हैं। साफ है कि अब यहां के छह नगर निकायों की कमान महिलाएं ही संभालेंगी।
मुजफ्फरपुर में निर्मला देवी साहू, नवगठित बेतिया से निवर्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया, दरभंगा से अंजुम आरा, मोतिहारी से प्रीति गुप्ता, समस्तीपुर से अनिता राम और सीतामढ़ी रौनक जहां मेयर पद पर जीतीं। उपमेयर पद पर तीन महिलाएं जीतीं। ये मुजफ्फरपुर से डा़ मोनालिसा, बेतिया से गायत्री देवी व दरभंगा से नाजिया हसन रहीं। इसके अलावा मोतिहारी से लालबाबू प्रसाद, समस्तीपुर से रामबालक पासवान और सीतामढ़ी आशुतोष कुमार डिप्टी मेयर बने।
आठ नगर पंचायतों में हुए चुनाव में तीन जगहों पर महिलाएं मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद बनीं। इसमें बेतिया के लौरिया से सीता देवी मुख्य पार्षद व किशोरी देवी उप मुख्य पार्षद बनीं। समस्तीपुर के मुसरीघरारी से दिव्या कुमारी मुख्य पार्षद व मंजू उपमुख्य पार्षद तथा सिंघिया से मिंकू कुमारी मुख्य पार्षद व खुशबू देवी उप मुख्य पार्षद बनीं। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के माधोपुर सुस्ता, मुरौल, दरभंगा के सिंहवाड़ा और भरवाड़ा, मोतिहारी के अरेराज से पुरुष जीते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *