कोरोना को हराने में जुटा नगर निगम, रोज हो रहा सेनिटाइजेशन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
निगम क्षेत्र में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को नियंत्रण के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी है। कोरोना का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए नगर निगम शहर को सैनिटाइज करने में जुटा है। इसके लिए रोजाना करीब 200 लीटर सैनेटाइजर का इस्तेमाल हो रहा है। इसके अलावा निगम 150 किलो ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करा रहा है। इसके साथ ही जहां-जहां कोरोना संक्रमित मिल रहे है, वहां भी प्राथमिकता के साथ छिड़काव किया जा रहा है।
कोरोना वायरस पर सोडियम हाइपोक्लोराइट को काफी प्रभावशाली माना जाता है। इसके घोल के इस्तेमाल से वायरस कम होने की कई बार पुष्टि भी हो चुकी है। इसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन लगातार सैनिटाइजेशन अभियान चला रहा है। निगम हर वार्ड में सैनिटाइजेशन करा रहा है। बाजार को रोजाना सैनिटाइज कराया जा रहा है। साथ ही इन बाजारों की सड़कों और दुकानों के शटर पर भी सोडियम हाइपो क्लोराइट का घोल डाला जा रहा है। पूरे शहर को सैनिटाइज करने के साथ ही नगर निगम प्रशासन माइक्रो कंटेनमेंट जोन के बाहर वाले घरों में नगर निगम के कर्मचारियों को कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन करते हुए छिड़काव के लिए व्यवस्था बनाई गई है। नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि प्रतिदिन 200 लीटर सोडियम हाइपोक्लाराइट का छिड़काव कराया जा रहा है। दो ट्रैक्टर और 40 हस्तचलित मशीन से छिड़काव कराया जा रहा है। अभी तक 400 लीटर सोडियम हाइपोक्लाराइट का छिड़काव कराया गया है। इसके साथ ही प्रतिदिन 150 किलो ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। अभी तक 90 कुंटल ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि इस महामारी में कर्मचारियों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कर्मचारियों को हैंड सैनेटाइजर, ग्लब्स, गम बूट, मास्क दिये गये है। अभी तक 1000 हैंड सैनेटाइजर बांटे गये है। 200 पीपीई किट मंगाये गये है। आवश्यकता पड़ने पर कर्मचारियों को पीपीई किट दिये जायेगें। उन्होंने बताया कि 1000 हैंड सैनेटाइजर की डिमांड भेज दी गई है। आवश्यकतानुसार सोडियम हाइपोक्लाराइट भी मंगाया जायेगा। ब्लीचिंग पाउडर पर्याप्त मात्रा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *