देहरादून। क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र के टर्नर रोड स्थित अर्थव विला में 21 अगस्त की रात हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चैतन्य राज शेखर, उदित, शिवांश अग्रवाल और रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की रात अर्थव विला में शिवा, रुद्र प्रताप और पुष्कर के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। आरोप है कि हमले में तीनों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे उउळश् कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज तथा अन्य जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
चार गिरफ्तार, बाकी की तलाश तेज
पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटा रही है। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और मारपीट जैसी गंभीर वारदातों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान ही होगी।