अपने ही मंत्री के खिलाफ भाजपा में बगावत के सुर!

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा में चकराता को लेकर पार्टी के भीतर की नाराजगी अब खुलकर सामने आती दिखाई दी। रविवार को चकराता क्षेत्र से जुड़े भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने समाज कल्याण मंत्री खजान दास के यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने योजनाओं के चयन में पार्टी कार्यकर्ताओं की कथित अनदेखी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चकराता विधानसभा क्षेत्र में अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए स्वीकृत योजनाओं के चयन में उनके प्रस्तावों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी मंत्री से बातचीत की गई थी, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
“चकराता क्यों नहीं जीत पा
रहे हैं, वजह यही है”
प्रदर्शन के दौरान मधु चौहान ने पार्टी संगठन और चकराता में भाजपा की राजनीतिक स्थिति को लेकर सवाल उठाते हुए कहा- “चकराता क्यों नहीं जीत पा रहे हैं, वजह यही है।”
उनका कहना था कि क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखना जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित योजनाओं की सूची की समीक्षा और कथित तौर पर छूटे प्रस्तावों पर पुनर्विचार की मांग उठाई।
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन में मूरत राम शर्मा, प्रताप राव, गीता राम गौड़, कमलेश भट्ट सहित भाजपा के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने अपनी नाराजगी खुलकर सामने रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री खजान दास से मुलाकात भी की। रिपोर्ट के अनुसार मंत्री ने मामले के समाधान का प्रयास किया और समीक्षा का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले को उनके सामने रखने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *