अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बांगीधार से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 12वीं कक्षा के पांच छात्रों ने आरोप लगाया है कि भूगोल की महिला प्रवक्ता ने अनुशासन के नाम पर उनके बाल चाकू से काट दिए और ब्लेड से उनकी स्कूल यूनिफॉर्म फाड़ दी। इतना ही नहीं, छात्रों की कॉपियां और दो छात्राओं की नोटबुक के पन्ने फाड़ने तथा पूरी कक्षा के सामने उन्हें अपमानित करने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के सामने आने के बाद छात्रों के परिजनों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार को जीआईसी बांगीधार में 12वीं कक्षा के दौरान हुई। छात्रों का आरोप है कि भूगोल की प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी पहले भी कई बार उन्हें समय पर बाल कटवाने की चेतावनी दे चुकी थीं।
छात्रों के मुताबिक, होमवर्क पूरा न होने पर उन्हें कक्षा से बाहर बुलाया गया। इसके बाद शिक्षिका ने कथित तौर पर बैग से ब्लेड निकाला और दुकान से चाकू मंगवाकर पांच छात्रों के बाल काट दिए। आरोप है कि उनकी स्कूल ड्रेस भी ब्लेड से फाड़ दी गई। इसके अलावा छात्रों की कॉपियां और दो छात्राओं की नोटबुक के पन्ने भी फाड़ दिए गए।