नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर देश को अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में और ऊंची उपलब्धियां हासिल करने के लिए बड़े सपने देखने, अधिक नवाचार करने तथा नए क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने रविवार को सामाजिक माध्यम मंच ‘एक्सÓ पर संदेश साझा करते हुए राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश को भविष्य में अंतरिक्ष क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! आइए और भी बड़े सपने देखें, और भी अधिक नवाचार करें और नए क्षेत्रों में आगे बढ़ें।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस भारत की अंतरिक्ष क्षेत्र में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों और वैज्ञानिकों की मेहनत को याद करने का अवसर भी है। देश ने अंतरिक्ष अनुसंधान, उपग्रह प्रक्षेपण, चंद्र अभियान और अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में लगातार अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस प्रत्येक वर्ष 23 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन भारत के चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता की स्मृति में मनाया जाता है। 23 अगस्त 2023 को भारत का चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के निकट सफलतापूर्वक उतरा था। इसके साथ भारत चंद्रमा की सतह पर यान उतारने वाला चौथा देश और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के निकट पहुंचने वाला पहला देश बना।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर देश के वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और इस क्षेत्र में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य के लिए नई ऊर्जा और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।