किशोर को सम्मानित करेगा शैलशिल्पी विकास संगठन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शैलशिल्पी विकास संगठन की ओर से पिथौरागढ़ निवासी समाज सेवी किशोर ह्यूमन को उत्तराखंड राज्य कर्मवीर जयानंद भारतीय स्मृति सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें सामाजिक सरोकारों, न्याय, समानता और जनहित के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।


मूल रूप से ग्राम एवं पोस्ट झूलाघाट, तहसील एवं जिला पिथौरागढ़ निवासी किशोर ह्यूमन वर्तमान में लिंथोड़ा, सिल्थाम, पिथौरागढ़ में रहते हैं। जहां वह लगातार समाज सेवा में जुटे हैं। शैलशिल्पी विकास संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार आर्य ने बताया कि यह सम्मान 6 सितंबर को कोटद्वार में आयोजित होने वाले 9वें शैलशिल्पी पराक्रम दिवस समारोह में प्रदान किया जाएगा। बताया कि कार्यक्रम 6 सितंबर 1932 के पौड़ी क्रांति दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शैलशिल्पी विकास संगठन द्वारा यह सम्मान महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, क्रांतिकारी समाज सुधारक, डोला-पालकी आंदोलन के प्रेरणास्रोत तथा पौड़ी क्रांति के नायक उत्तराखंड रत्न कर्मवीर जयानंद भारतीय की स्मृति को जीवित रखने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। सम्मान ऐसे व्यक्तियों को दिया जाता है, जो न्याय, समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मानवीय मूल्यों को मजबूत करने के लिए नि:स्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। समारोह के दौरान शैलशिल्पी विकास संगठन द्वारा प्रकाशित ‘6 सितंबर 1932 पौड़ी क्रांति के नायक उत्तराखंड रत्न कर्मवीर जयानंद भारतीय स्मृति स्मारिका 2026’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *