जंगल में चारा लेने गई महिला पर भालू का हमला

Spread the love

टिहरी गढ़वाल। जौनपुर विकासखंड क्षेत्र में रविवार सुबह जंगल में चारा-पत्ती लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर, पैर, नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, धनोल्टी तहसील की ग्राम पंचायत दबाली निवासी सुलैना देवी रविवार सुबह चार अन्य महिलाओं के साथ वन विभाग की चौकी के समीप जंगल में पशुओं के लिए घास और चारा-पत्ती लेने गई थीं। बारिश के बीच महिलाएं जंगल में घास एकत्र कर रही थीं, तभी अचानक पीछे से आए भालू ने सुलैना देवी पर हमला कर दिया। भालू ने महिला को जमीन पर गिरा दिया और पंजों से उनके सिर, चेहरे, नाक और पैर पर हमला किया। महिला की चीख सुनकर साथ गई अन्य महिलाएं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने शोर मचाने के साथ दरांतियों की मदद से भालू को पीछे हटने पर मजबूर किया। महिलाओं के साहस के बाद भालू घायल महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल सुलैना देवी को जंगल से बाहर निकालकर स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें देहरादून रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों में दहशत
भालू के हमले के बाद दबाली और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, आबादी से सटे जंगलों में वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि चारा-पत्ती के लिए महिलाओं को अक्सर जंगल जाना पड़ता है, ऐसे में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियां चिंता का विषय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *