जनता दरबार में सीडीओ ने सुनी ग्रामीणों की शिकायतें

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने अपने क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा दीवार निर्माण, जंगली जानवरों द्वारा पहुंचाये जा रहे फसलों को क्षति सम्बन्धी कुल 33 शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मौके पर 18 शिकायतों का निस्तारण करते हुये अवशेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।


ग्राम सभा गौंणा से गजेन्द्र रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज गौंणा में शिक्षकों की तैनाती की मांग रखी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में दूरस्थ क्षेत्र धारकुमाला, दुर्मी एवं पगना के विद्यार्थी भी अध्ययन हेतु आते हैं एवं वर्तमान में विद्यालय में 5 शिक्षकों के पद खाली हैं। नन्दानगर के निवासियों ने भी राजकीय बालिका इंटर कालेज नन्दानगर में शिक्षकों को तैनात करने की मांग मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखी। दीपक बिष्ट सदस्य, नगर पालिका परिषद चमोली ने जिला अस्पताल गोपेश्वर में डॉक्टरों के पद रिक्त होंने की शिकायत जनता मिलन कार्यक्रम में रखी। उन्होंने कहा कि बाल रोग, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं ईएनटी विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण डॉक्टरों की नियुक्ति जनहित में तत्काल की जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आमजनमानस की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया की आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित एवं स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उप जिलाधिकारी चमोली राजकुमार पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी जयप्रकाश तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *