हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में गंगनहर से मिले अज्ञात शव की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली। मृतक की जेब से मिले एक पुराने और क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन ने पहचान में मदद मिली है। पुलिस ने मोबाइल के सिम कार्ड के जरिए सुराग जुटाया और परिजनों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी ताराचंद उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। गुरुवार को मृतक का बेटा नवीन कुमार अन्य परिजनों के साथ हरिद्वार पहुंचा और शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। चार मई को ज्वालापुर क्षेत्र स्थित रेगुलेटर पुल के पास जटवाड़ा पुल के समीप गंगनहर में एक अधेड़ का शव बरामद हुआ था। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर दूसरे फोन में लगाया और जानकारी जुटाने की कोशिश शुरू की, लेकिन शुरुआत में कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने सिम सक्रिय रखकर कॉल आने का इंतजार किया। छह मई को सिम नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि यह नंबर बिट्टू नाम के व्यक्ति का है, जो उसके यहां कारपेंटर का काम करता था। इसके बाद पुलिस को एक अन्य नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर मृतक की बेटी हंसा देवी से बात हुई। उसने बताया कि नंबर उसके पिता ताराचंद उर्फ बिट्टू निवासी राजगढ़, मंडी हिमाचल प्रदेश का है, जो पिछले कई दिनों से लापता थे और काम की तलाश में घर से निकले थे। एसएसआई हर्ष अरोड़ा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।