डेंगू की रोकथाम को नगर निगम ने तेज किया अभियान, शहर में फागिंग शुरू

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में बढ़ते डेंगू के मामलों को देखते हुए नगर निगम ने रोकथाम के लिए अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को नगर निगम की टीमों ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फागिंग की। इस दौरान लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक भी किया गया।


पिछले कुछ दिनों में डेंगू के मामलों में बढ़ोत्तरी सामने आने के बाद सरकारी तंत्र की चिंता बढ़ गई है। बेस अस्पताल में बीते दो दिनों के भीतर तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्थिति को देखते हुए मंगलवार को उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नगर निगम को नियमित फागिंग कराने और लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद नगर निगम ने अभियान के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। बुधवार से कोटद्वार नगर क्षेत्र के साथ ही भाबर इलाके में भी फागिंग और जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया। निगम की टीमें प्रमुख मार्गों के अलावा उन स्थानों पर भी फागिंग कर रही हैं, जहां मच्छरों के पनपने की आशंका अधिक है। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि बारिश के मौसम में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में बीमारी की रोकथाम के लिए प्रशासन के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास बारिश का पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, पुराने बर्तन और अन्य ऐसे स्थानों की नियमित सफाई करें, जहां पानी ठहर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *