देवप्रयाग : ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप शुक्रवार को गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण एक ढाबे में भीषण आग लग गई। आग बुझाने का कोई साधन और आसपास पानी उपलब्ध न होने से ढाबा पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना में ढाबे में रखा सारा सामान और नगदी भी नष्ट हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी देवप्रयाग प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि चिलपड़ गांव निवासी जसवीर सिंह पुत्र बैनर सिंह ढाबा बंद कर सौड़पानी में नहाने गया था। इसी दौरान उसके भाई हरि सिंह ने ढाबे से आग की लपटें उठती देख उसे सूचना दी। जसवीर मौके पर पहुंचा, तब तक ढाबे में रखा पूरा सामान और नगदी जल चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आसपास पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण ढाबे को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस सिलिंडर में रिसाव माना जा रहा है। जसवीर सिंह के अनुसार, संभवत: वह सिलिंडर बंद करना भूल गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (एजेंसी)