पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार को लेकर लोगों की समस्याएं सुनीं

Spread the love

रुद्रपुर। पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से पंतनगर एयरपोर्ट पर जनसुनवाई आयोजित की गई। एसडीएम किच्छा गौरव पांडे की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर अपनी बात रखी। जनसुनवाई में एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय पहलुओं, स्थानीय लोगों की समस्याओं और विकास कार्यों के संभावित प्रभावों पर चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों की आपत्तियों व सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें नियमानुसार समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार से क्षेत्र में हवाई सेवाओं का दायरा बढ़ेगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान पर्यावरणीय मानकों और स्थानीय हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने भूमि, पर्यावरण और स्थानीय सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं व सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान भी किया। इस दौरान पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार, पूरन सिंह बृजवाल, अनूप गुप्ता, नीरज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *